लोक भवन में स्नेह की डोर से जुड़ा रक्षाबंधन, राज्यपाल रमेन डेका को बच्चों और बहनों ने बांधी राखी

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर लोक भवन में आत्मीयता और स्नेह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने राज्यपाल रमेन डेका के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनों के साथ एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेस इंडिया से जुड़े बच्चे तथा स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए। सभी ने राज्यपाल को राखी बांधकर भाई-बहन के इस पारंपरिक पर्व की खुशियां साझा कीं।

राखी बंधवाने के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, अपनत्व और आपसी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राज्यपाल ने बच्चों और विद्यार्थियों से बातचीत भी की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षाबंधन की खुशियों के साथ सामाजिक जुड़ाव और आत्मीय संबंधों की भावना भी नजर आई।

इस अवसर पर प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।