रायपुर में भीषण हादसा: ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानों में लगी आग, गाड़ियों को भी लिया चपेट में
रायपुर: राजधानी रायपुर में आगजनी की एक बड़ी घटना सामने आई है। रायपुर स्थित प्रसिद्ध ऑक्टोपस बार के पास एक हार्डवेयर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने आसपास की 4 अन्य दुकानों और वहां खड़ी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मची अफ़रा-तफ़री, लोगों ने भागकर बचाई जान
आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। दुकान में मौजूद लोगों और राहगीरों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर में दुकानों में रखा लाखों का सामान और बाहर खड़ी गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
