रायपुर: मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित, चयनित कलाकारों को मिलेंगे 24 हजार रुपये तक

मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, संवर्धन तथा लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजे जाएंगे। आवेदन पत्र संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय की वेबसाइट तथा नया रायपुर स्थित कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।

योजना का लाभ केवल उन कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।

आवेदन भेजने का पता – संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018 निर्धारित किया गया है।

योजना के लिए आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा तथा समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।

मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना प्रदेश की लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस योजना के माध्यम से कलाकारों को आर्थिक सहयोग के साथ-साथ अपनी कला को व्यापक पहचान दिलाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।