दुर्ग के पोटियाकला में पीलिया का प्रकोप, 6 दिनों में मिले 9 मरीज; स्वास्थ्य विभाग ने 286 घरों का किया सर्वे, 4 जगहों से पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग शहर के पोटियाकला इलाके में पीलिया के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। 7 से 12 नवंबर के बीच क्षेत्र में पीलिया के 9 मरीजों की पहचान हुई है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए जांच और निगरानी तेज कर दी है। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 9 मरीजों में से एक का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 8 मरीज घर पर ही उपचार करा रहे हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
286 घरों का सर्वे, नहीं मिला कोई नया मरीज
संक्रमण की स्थिति का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 नवंबर तक प्रभावित बस्ती के 286 घरों का सर्वे किया। इस दौरान कोई नया मरीज सामने नहीं आया। स्वास्थ्यकर्मी और मितानिनें घर-घर पहुंचकर लोगों से बीमारी के लक्षणों की जानकारी ले रही हैं और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर रही हैं।
चार स्थानों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
पीलिया फैलने की संभावित वजह का पता लगाने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बस्ती के चार अलग-अलग स्थानों से पेयजल के नमूने एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल संक्रमण का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पानी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और जरूरी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को पानी उबालकर पीने, बाहर के खाने से परहेज करने और सड़ी-गली सब्जियों का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा उल्टी, भूख नहीं लगना, लगातार थकान, पेट दर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा गया है।
संक्रमण पर स्वास्थ्य विभाग की नजर
पोटियाकला में पीलिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। घर-घर सर्वे के साथ नए मरीजों की पहचान और संक्रमण के संभावित स्रोतों की जांच की जा रही है। अब सभी की नजर पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट पर है, जिससे बीमारी फैलने की वजह का पता चल सकेगा।
