महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी, अब कस्टोडियल रिमांड की तैयारी; रायपुर जेल से हथकड़ी लगाकर लाया गया आरोपी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट में पेश किया। पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा के बीच हथकड़ी लगाकर रायपुर जेल से कोर्ट लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि ED अब उससे पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है।

दरअसल, सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के तहत कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले CBI कोर्ट में ED की ओर से रिमांड को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन वहां आवेदन खारिज होने के बाद एजेंसी ने PMLA स्पेशल कोर्ट में अर्जी लगाई, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

8 दिन की CBI रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड गुरुवार को समाप्त हुई थी। इसके बाद उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का अनुरोध किया। कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया था। अब ED अलग से उससे पूछताछ करना चाहती है।

महादेव सट्टा नेटवर्क और हवाला कनेक्शन की जांच

CBI ने अपनी आठ दिन की पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए कथित लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य प्रभावशाली लोगों की भूमिका रही।

ED भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है। एजेंसी को कथित अवैध कमाई, बैंक खातों के लेनदेन और देश-विदेश में मौजूद संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग जुटाने हैं।

ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर

सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर को CBI की टीम ओमान के मस्कट से भारत लेकर आई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह लंबे समय से विदेश में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। ओमान में गिरफ्तारी के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया गया।

2022 में दर्ज हुई थी महादेव ऐप मामले की पहली FIR

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग जिले के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू पर जांच शुरू की। वहीं, CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया था।

जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऐप के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इसमें देशभर में पैनल और ब्रांच के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाता था। कथित तौर पर सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम को विभिन्न बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा जाता था।

 

फिलहाल सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है। यदि कोर्ट से कस्टोडियल रिमांड मंजूर होती है, तो ED को महादेव सट्टा नेटवर्क और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में उससे पूछताछ का अवसर मिलेगा।