रायपुर में 200 से ज्यादा गार्डन और चौक-चौराहों की बदलेगी तस्वीर, निजी हाथों में सौंपेगा नगर निगम; मेंटेनेंस के बदले मिलेंगे विज्ञापन और इवेंट के अधिकार
रायपुर। राजधानी रायपुर के उद्यानों, चौक-चौराहों, ट्रैफिक आईलैंड और डिवाइडरों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। निगम अब शहर के 200 से अधिक गार्डनों सहित प्रमुख चौक-चौराहों और डिवाइडरों के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनियों, उद्योगपतियों और सामाजिक संस्थाओं को सौंपने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नगर निगम ने इच्छुक संस्थाओं से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) के माध्यम से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।
जानकारी के अनुसार, शहर के गार्डनों, चौक-चौराहों और डिवाइडरों के रखरखाव पर नगर निगम हर साल 15.50 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर रहा है। इसके बावजूद कई उद्यानों में गंदगी, टूटे झूले, खराब ओपन जिम उपकरण, उखड़े पेवर ब्लॉक और सूखते पौधे जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। इसी स्थिति को देखते हुए निगम ने रखरखाव की व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है।
मेंटेनेंस के बदले साल में 12 कार्यक्रम और प्रचार की अनुमति
योजना के तहत उद्यानों को गोद लेने वाली संस्थाओं को रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालनी होगी। इसके बदले उन्हें सालभर में अधिकतम 12 कार्यक्रम आयोजित करने और नियमों के तहत अपने संस्थान का प्रचार-प्रसार करने की अनुमति दी जाएगी। चौक-चौराहों, ट्रैफिक आईलैंड और डिवाइडरों पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार विज्ञापन की सुविधा मिलेगी। इससे संस्थाएं रखरखाव पर होने वाले खर्च की भरपाई कर सकेंगी।
ऑक्सीजोन, मोतीबाग और गांधी उद्यान भी योजना में शामिल
नगर निगम की इस योजना में ऑक्सीजोन, मोतीबाग, गांधी उद्यान और डूंगाजी कॉलोनी जैसे प्रमुख उद्यान भी शामिल हैं। निगम शहर के चार हिस्सों में प्रमुख उद्यानों को मॉडल गार्डन के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए इच्छुक संस्थाओं के साथ अधिकारियों की कई दौर की बैठकें भी हो चुकी हैं।
हैंडओवर से पहले निगम कराएगा मरम्मत
उद्यानों और अन्य स्थानों को निजी संस्थाओं को सौंपने से पहले नगर निगम अपने खर्च पर जरूरी मरम्मत कराएगा। टूटे झूले, खराब पाथ-वे और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद संबंधित संस्था को नियमित रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी। तय अवधि पूरी होने पर संस्था को संबंधित स्थल बेहतर स्थिति में ही नगर निगम को वापस सौंपना होगा।
पहले भी निजी हाथों में दी गई थी जिम्मेदारी
राजधानी में इससे पहले भी कई तालाबों और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनियों को दी गई थी। हालांकि, कई स्थानों पर अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। आज भी कुछ जगहों पर गंदगी और अव्यवस्थाएं देखने को मिलती हैं। ऐसे में नगर निगम की इस नई योजना की सफलता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
कांग्रेस पार्षदों ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि निगम अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हटकर निजी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंप रहा है। उनका कहना है कि पहले भी कई स्थानों पर निजी संस्थाओं को जिम्मेदारी देने के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए पहल
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के अनुसार, शहर के उद्यानों, चौक-चौराहों और डिवाइडरों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निजी कंपनियों, अस्पतालों, उद्योगों और व्यापारिक समूहों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। नियमों के तहत संस्थाओं को प्रचार-प्रसार और कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिलेगी। निगम को उम्मीद है कि इस पहल से शहर के सार्वजनिक स्थलों की नियमित देखरेख होगी और उनकी सुंदरता में सुधार आएगा।
