छात्रावासों में बच्चों के भोजन का बजट बढ़ाने की मांग, पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने CM विष्णुदेव साय को लिखा पत्र; अधीक्षकों के परिवार के लिए अलग आवास का सुझाव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने प्रदेश के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों की भोजन व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने छात्रावासों में बच्चों के मेस भत्ते में तत्काल बढ़ोतरी करने की मांग की है। साथ ही छात्रावास अधीक्षकों की कार्य परिस्थितियों में सुधार और उनके परिवारों के लिए अलग आवासीय व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया है।
सिंहदेव ने अपने पत्र में कहा है कि पिछले तीन वर्षों से छात्रावासों और आश्रमों में बच्चों के भोजन एवं नाश्ते के लिए निर्धारित राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस अवधि में दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियों, मसालों और ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में निर्धारित बजट के भीतर बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल होता जा रहा है।
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर जताई चिंता
टीएस सिंहदेव ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना जरूरी है। लेकिन महंगाई के अनुपात में मेस बजट नहीं बढ़ने से भोजन की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से महंगाई को ध्यान में रखते हुए भोजन की राशि तत्काल बढ़ाने का आग्रह किया है।


HMS पोर्टल से मेस बजट में कटौती पर उठाए सवाल
सिंहदेव ने छात्रावासों में HMS पोर्टल के माध्यम से उपस्थिति के आधार पर मेस बजट में होने वाली कटौती का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर बजट में कटौती करना उचित नहीं है, क्योंकि सामूहिक रसोई में गैस, मसालों और रसोइयों सहित कई खर्च लगभग स्थिर रहते हैं।
उन्होंने मांग की है कि न्यूनतम 24 दिनों की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि बच्चों की भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो।
अधीक्षकों के परिवार के लिए अलग आवास बनाने का सुझाव
पत्र में छात्रावास अधीक्षकों की कार्य परिस्थितियों को लेकर भी चिंता जताई गई है। सिंहदेव के मुताबिक, अधीक्षकों से 24 घंटे ड्यूटी ली जाती है, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवकाश नहीं मिल पाता। इसके अलावा परिवार के सदस्यों को छात्रावास परिसर में रहने की अनुमति भी नहीं होती।
उन्होंने सुझाव दिया है कि छात्रावास परिसर से अलग अधीक्षकों के परिवार के लिए आवासीय भवन बनाए जाएं, जिससे वे परिवार के साथ रहकर अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने के लिए रखीं अन्य मांगें
टीएस सिंहदेव ने अपने पत्र में छात्रावासों के सुचारू संचालन के लिए कई अन्य सुझाव भी दिए हैं। इनमें बर्तन, सफाई सामग्री, प्राथमिक उपचार और आकस्मिक जरूरतों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा ऑनलाइन उपस्थिति के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा देने, शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को टीएसके ऐप की अनिवार्यता से छूट देने और अधीक्षक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन की मांग भी की गई है।
मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए मेस भत्ते में महंगाई के अनुरूप तत्काल वृद्धि की जाए। साथ ही अधीक्षकों की कार्य संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
