नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय; जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय UPI24 News ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में ‘नर्सिंग कौशल कॉलेज’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।
120 छात्राओं को मिलेगा दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम ‘प्रचेत फाउंडेशन’ के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
-
कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है।
-
इस संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से ताल्लुक रखती हैं।
-
आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा।
-
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।
मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है नर्सिंग: सीएम साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ-साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का लगातार हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है और स्वस्थ नागरिक ही एक समृद्ध प्रदेश का आधार होते हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन पिछले वर्षों में इनकी संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है और इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज एक साथ शुरू किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
