रायपुर : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 33 जिलों के 1,606 केंद्रों में शुरू हुआ उपार्जन, अब तक 1.98 लाख क्विंटल धान की खरीदी
रायपुर: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर धरमजयगढ़ पहुंचकर, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में इस वर्ष की धान खरीदी प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया। राज्य सरकार ने इस साल किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था की है।
कम उत्पादन वाले किसानों को बड़ी राहत: पूरी मिलेगी आदान सहायता राशि
राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कई बार कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित मात्रा में धान नहीं बेच पाते, ऐसी स्थिति में भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे दी जाएगी। इस निर्णय से विशेष रूप से जनजातीय और वनांचल क्षेत्रों के किसानों को भारी आर्थिक संबल मिलेगा।
3,095 उपार्जन केंद्रों में व्यापक व्यवस्था
इस खरीफ विपणन वर्ष में राज्य के लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
-
प्रदेश के 33 जिलों में कुल 3,095 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
-
15 नवंबर 2026 की स्थिति में 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं।
-
राज्य के 1,606 केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है।
-
अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है, जिसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।
धान खरीदी में बालोद और राजनांदगांव जिले सबसे आगे
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार प्रदेश भर में खरीदी तेजी से चल रही है:
-
राजनांदगांव: यहां 26,464.40 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है।
-
बालोद: यहां सभी 161 केंद्रों में टोकन जारी हो चुके हैं और अब तक सर्वाधिक 24,676 क्विंटल धान खरीदा गया है।
-
महासमुंद: यहाँ 20,444.80 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।
-
धमतरी: यहाँ 19,829.20 क्विंटल धान खरीदा गया है।
-
इसके अलावा बेमेतरा (16,320.40 क्विंटल), दुर्ग (13,952.80 क्विंटल), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (11,871.60 क्विंटल), बलौदाबाजार (10,004.40 क्विंटल) और रायपुर (9,365.60 क्विंटल) सहित बस्तर से लेकर सरगुजा संभाग के सभी 33 जिलों में धान खरीदी की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।
रायगढ़ जिले में विशेष तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम
रायगढ़ जिले में किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 से बढ़ाकर 112 और सेवा सहकारी समितियों की संख्या 69 से बढ़ाकर 79 कर दी गई है। जिले में कुल 85,501 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसका पंजीकृत रकबा 1,21,690.325 हेक्टेयर है।
अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहाँ 24 घंटे तीन पालियों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल भी मुस्तैद किए गए हैं।
राज्य सरकार की इन किसान-हितैषी पहलों और पारदर्शी व्यवस्थाओं से न केवल अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है, बल्कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।
