CM Vishnu Deo Sai: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तपकरा में छठ महापर्व पर दिया संध्या अर्घ्य; दराखारिका में 4 करोड़ से बनेगा नया छठ घाट
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के तपकरा में छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कुनकुरी और दराखारिका के लिए बड़ी घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने तपकरा क्षेत्र में छठ घाट के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी और अटूट आस्था है।
-
श्रद्धालुओं की सुविधा और सौंदर्यीकरण के लिए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है।
-
वहीं, दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से एक नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का एक अनुपम प्रतीक है, जो हमें प्रकृति, जल और भगवान सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
जनजातीय गौरव दिवस की दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस की भी सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस कार्यक्रम में श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमन्ती साय, श्री भरत साय समेत कई जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
