बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण: श्री नितिन नवीन
रायपुर: भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।
बस्तर में सकारात्मक बदलाव: बंदूक की जगह ले रहे खेल के मैदान
श्री नितिन नवीन ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलताएँ मिली हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहाँ आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं। बच्चे और युवा शिक्षा, खेल तथा कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर के युवाओं के हाथों में बंदूक के स्थान पर खेल का सामान और हिंसा के स्थान पर नई उम्मीदें देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने युवाओं की प्रतिभा को नई पहचान दी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संकल्प: जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण और प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना हमारी सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनजातीय समाज की परंपराओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्मश्री सम्मानित विभूतियों— श्रीमती बुधरी ताती, श्री जागेश्वर यादव एवं श्री पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया।
किसानों के लिए बड़ा निर्णय: कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि
मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। इसके साथ ही, प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।
इस भव्य समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।
