खबर का असर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव की कड़ाई के बाद NULM कर्मियों की 14 माह से लंबित सुरक्षा निधि का हुआ तुरंत भुगतान, कर्मियों ने जताया आभार

रायपुर।

राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में सेवा देने वाले कर्मियों की 14 माह से लंबित सुरक्षा निधि का भुगतान कर दिया गया है । UPI24NEWS में खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटों के भीतर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए, इस हस्तक्षेप के बाद प्लेसमेंट एजेंसी ने कर्मियों की सुरक्षा निधि का भुगतान जारी कर दिया है ।

गौरतलब है कि NULM के अंतर्गत कार्यरत सिटी मिशन मैनेजर, सामुदायिक संगठक एवं अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति के समय सुरक्षा निधि के नाम पर एक माह का वेतन प्लेसमेंट एजेंसी ने जमा कराया था ।मिशन और कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त होने के बावजूद लगभग 14 माह तक यह राशि वापस नहीं की गई थी। इस संबंध में कर्मचारियों द्वारा लगातार पत्राचार और शिकायतें की जा रही थीं।

मामला संज्ञान में आने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित प्लेसमेंट एजेंसी “कॉल मी “से जवाब तलब किया। उनके हस्तक्षेप के बाद लंबित भुगतान की प्रक्रिया तुरंत शुरू हुई और कुछ ही घंटों में कर्मियों के खातों में सुरक्षा निधि की राशि जमा कर दी गई।

भुगतान मिलने के बाद खुश कर्मियों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित उनकी जायज मांग पर त्वरित कार्रवाई से शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचय मिला है।

You may have missed