उत्तर कोरिया ने दागीं 600 किमी रेंज वाली हाइपरसोनिक मिसाइलें, किम जोंग उन बोले- ‘विरोधियों के लिए ऐसी सिरदर्दी जिसका इलाज नहीं’

प्योंगयांग:
कोरियाई प्रायद्वीप में सैन्य तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। उत्तर कोरियाई सेना ने नई और अत्याधुनिक तकनीक से लैस हाइपरसोनिक मिसाइल प्रणाली का सफल परीक्षण किया है। इस दौरान मिसाइल ने लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य को सटीकता से भेदा।
किम जोंग उन ने खुद देखा परीक्षण:
उत्तर कोरियाई तानाशाह किम जोंग उन ने अपनी बेटी के साथ खुद इस मिसाइल परीक्षण का निरीक्षण किया। परीक्षण के बाद बयान जारी करते हुए किम जोंग उन ने इसे देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने विरोधियों को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि यह आधुनिक हथियार प्रणाली दुश्मन देशों के लिए ‘ऐसी सिरदर्दी बनेगी, जिसका कोई इलाज नहीं है’।
बढ़ी पड़ोसी देशों की चिंता:
दक्षिण कोरिया और जापानी रक्षा अधिकारियों ने इस मिसाइल परीक्षण की पुष्टि की है। कम ऊंचाई पर उच्च गति और दिशा बदलने में सक्षम (Hypersonic Glide Vehicle) इस मिसाइल के परीक्षण के बाद से ही क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की हाइपरसोनिक मिसाइलों को पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम से ट्रैक और इंटरसेप्ट करना बेहद मुश्किल होता है।

