ट्रंप की रैली में शामिल हुये मस्क, बाइडेन पर भी तंज कसा…
विदेश। अमेरिका में 1 महीने बाद होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले शनिवार को डोनाल्ड ट्रम्प एक बार फिर से पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली करने पहुंचे। यह वही जगह है जहां 13 जुलाई को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर जानलेवा हमला हुआ था। शनिवार की रैली में ट्रम्प के साथ टेस्ला के मालिक इलॉन मस्क भी मौजूद थे।
बुलेटप्रूफ स्क्रीन के पीछे खड़े होकर ट्रम्प ने अपने भाषण की शुरुआत वहीं से की, जहां 13 जुलाई को हमले के बाद वे रुके थे। ट्रम्प ने कहा, “आज से ठीक 12 हफ्ते पहले, इसी जमीन पर एक हत्यारे ने मुझे शांत करने की कोशिश की थी। उस दिन 15 सेकेंड के लिए समय रुक गया था। लेकिन वह विलेन अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया।”
रैली में शामिल हुए इलॉन मस्क ने भी 20 हजार ट्रम्प समर्थकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “अमेरिका में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ट्रम्प की जीत जरूरी है। अगर ट्रम्प नहीं जीते तो यह देश में आखिरी चुनाव होगा।”
