अब दफ्तर नहीं, वार्डों में नजर आएंगे निगम के अधिकारी; सुबह 7 बजे से फील्ड निरीक्षण अनिवार्य
रायपुर। नगर निगम के अधिकारी अब वार्डों की व्यवस्थाओं की निगरानी केवल कार्यालय में बैठकर नहीं करेंगे। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मुख्यालय स्तर के अधिकारियों के लिए वार्ड भ्रमण अनिवार्य कर दिया गया है।
नए निर्देश के अनुसार अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम तीन दिन सुबह 7 बजे वार्डों में पहुंचकर निरीक्षण करना होगा। इस दौरान सफाई व्यवस्था, निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति के साथ-साथ नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की भी मौके पर समीक्षा की जाएगी।
आयुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक माह नगर निगम के सभी 10 जोन का दौरा करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और कमियों की जानकारी मौके पर ही जुटाई जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
निरीक्षण की तस्वीरें और रिपोर्ट भी जरूरी
वार्ड भ्रमण के दौरान किए गए निरीक्षण की तस्वीरें निगम के ‘रायपुर डिस्ट्रिक्ट अर्बन बॉडिस फील्ड रिपोर्टिंग’ WhatsApp ग्रुप में साझा करनी होंगी। इसके साथ ही प्रत्येक अधिकारी को अपने भ्रमण और निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट भी तैयार करनी होगी।
माह समाप्त होने के बाद इन रिपोर्टों को निगम आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था के जरिए अधिकारियों की फील्ड मौजूदगी और वार्डों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
इन अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
वार्ड निरीक्षण की जिम्मेदारी अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू और पंकज के. शर्मा, प्रभारी अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, प्रभारी मुख्य अभियंता संजय बागडे, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, मोहम्मद इमरान खान, प्रदीप यादव, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, उपायुक्त जागृति साहू, डॉ. अंजलि शर्मा, निगम सचिव संगीता साहू सहित कार्यपालन अभियंता स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
निगम आयुक्त का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य वार्ड स्तर की समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना और निगम की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।
