नगर पालिक निगम बीरगांव में चलाया जा रहा वृक्षों का पुनर्जीवन महाअभियान
बीरगांव। नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा शासन के निर्देशानुसार वृक्षों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए ’’वृक्ष पुनर्जीवन महाअभियान’’ चलाया जा रहा है। आयुक्त युगल किशोर उर्वशा के नेतृत्व में निगम क्षेत्र में ऐसे बड़े एवं पुराने वृक्षों को चिन्हित कर उनका संरक्षण एवं पुनर्जीवन किया जा रहा है, जिनकी जड़ों के आसपास पेवर ब्लॉक, कंक्रीटीकरण अथवा अन्य निर्माण कार्य होने के कारण उनके प्राकृतिक विकास में बाधा उत्पन्न हो रही है।
अभियान के तहत पेड़ों की जड़ों के आसपास किए गए अनावश्यक ’’पेवर ब्लॉक एवं कंक्रीटीकरण को हटाकर जड़ों को खुला एवं सुरक्षित स्थान’’ उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वृक्षों को पर्याप्त हवा, पानी एवं पोषक तत्व मिल सकें और उनका प्राकृतिक रूप से विकास हो सके।
नगर पालिक निगम बीरगांव क्षेत्र में वृक्षों के पुनर्जीवन का कार्य प्रारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत ’’गांधी उद्यान’’ से की गई, जहां एक वृक्ष के आसपास बनी दीवार के कारण उसके विकास में बाधा उत्पन्न हो रही थी। निगम की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए दीवार को हटाकर वृक्ष को खुला स्थान प्रदान किया गया। इसके साथ ही निगम कार्यालय परिसर में भी ऐसे ’’10 वृक्षों का पुनर्जीवन’’ किया गया, जिनके आसपास कंक्रीटीकरण अथवा अन्य कारणों से जड़ों के विकास में परेशानी हो रही थी।
इस दौरान डी.एल. देवांगन, कार्यपालन अभियंता एवं के.वी. सिंह, अभियंता, सहित निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा वृक्षों के पुनर्जीवन एवं संरक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।
नगर पालिक निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास स्थित वृक्षों की जड़ों को कंक्रीट, पेवर ब्लॉक अथवा अन्य निर्माण सामग्री से पूरी तरह न ढकें और वृक्षों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। वृक्षों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है।
आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण एवं शहर की जीवनरेखा हैं। निगम द्वारा वृक्षों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा तथा नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक वृक्षों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
