महापौर एजाज ढेबर ने जलभराव से राहत दिलाने जेसीबी बुलवाकर सफाई करवाई…

रायपुर , 30 जून 2023 : आज नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर ने नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 6 के अन्तर्गत आने वाले महामाया मन्दिर वार्ड क्रमांक 65 के विभिन्न क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर वार्डवासियों की जनसमस्याओं को प्रत्यक्ष देखा. महापौर एजाज ढेबर ने वार्ड पार्षद सरिता वर्मा, जोन 6 जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल सहित जोन 6 के सम्बंधित अधिकारियों एवं वार्डवासियों की उपस्थिति में वार्ड के तहत आने वाले परशुराम नगर क्षेत्र में निरंतर बारिश के दौरान उत्पन्न हुई जल के भराव की जनसमस्या का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया.
महापौर एजाज ढेबर ने जोन 6 जोन कमिश्नर को तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर नाले की तले तक पूर्ण सफाई करवाकर गन्दे पानी की सुगम निकासी का प्रबंधन प्राथमिकता से सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये. साथ ही जल भराव क्षेत्र के नाले की मानसून के दौरान सतत मॉनिटरिंग करवाकर सफाई करवाना एवं निकास को सुगम बनाये रखना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये.महापौर के निर्देश पर जोन 6 स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल परशुराम नगर के जल भराव से सम्बंधित क्षेत्र के नाले में जेसीबी मशीन लगवाकर नाले की विशेष सफाई करवाई गयी एवं निकास को सुगम बनाने आवश्यक कार्यवाही की गयी.
महापौर एजाज ढेबर ने वार्ड क्रमांक 65 के निरीक्षण के दौरान जोन 6 जोन कमिश्नर को वार्ड के गोपिया पारा में सड़क मार्ग पर लगाये जा रहे सब्जी बाजार को नगर निगम जोन 5 के तहत आने वाले तरुण सब्जी बाजार क्षेत्र के रिक्त स्थान पर सुव्यवस्थित रूप से ले जाकर सब्जी व्यवसायियों को तत्काल व्यवस्थापित करवाना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये, ताकि सब्जी व्यवसायीगण स्वच्छ वातावरण में सब्जी व्यवसाय कर सकें एवं गोपियापारा सड़क मार्ग पर सब्जी बाजार के कारण लगने वाले यातायात जाम की जनसमस्या का त्वरित निदान हो सके. महापौर एजाज ढेबर ने जोन कमिश्नर को जोन के स्तर पर वार्ड से सम्बंधित सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट की जनसमस्याओं का जनहित में त्वरित निदान करवाना जनहित में प्राथमिकता से सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये हैँ.

You may have missed