भटगांव के किसानों को बड़ी राहत, बुंदिया और बड़सरा में खुलेंगे नए धान खरीदी केंद्र
रायपुर, 1 सितंबर 2026। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए अब दूर-दराज के उपार्जन केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड के ग्राम बुंदिया और बड़सरा में नवीन धान उपार्जन केंद्र स्थापित करने की स्वीकृति मिल गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 सहित आगामी वर्षों के लिए दोनों केंद्रों की स्थापना को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है।
नए उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति से आसपास के गांवों के किसानों को अपनी धान उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। इससे न केवल किसानों का समय बचेगा, बल्कि धान को परिवहन कर दूसरे केंद्रों तक पहुंचाने में होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा।
किसानों की मांग पर मंत्री ने की पहल
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान किसानों और ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के समक्ष धान खरीदी केंद्र की दूरी से जुड़ी समस्याएं रखी थीं। किसानों ने बताया था कि मौजूदा व्यवस्था में उन्हें धान बेचने के लिए दूर स्थित केंद्रों तक उपज ले जानी पड़ती है, जिससे ट्रैक्टर एवं अन्य परिवहन साधनों पर अतिरिक्त खर्च आता है।
किसानों की मांग को प्राथमिकता देते हुए लक्ष्मी राजवाड़े ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल को पत्र भेजकर बुंदिया और बड़सरा में नए धान उपार्जन केंद्र खोलने का आग्रह किया था। शासन स्तर पर प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान की गई है।
इन समितियों के अंतर्गत होंगे केंद्र
शासन के आदेश के अनुसार ग्राम बुंदिया में स्थापित होने वाला धान उपार्जन केंद्र आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बतरा के अंतर्गत संचालित होगा। वहीं ग्राम बड़सरा का केंद्र आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित शिवप्रसादनगर के अंतर्गत आएगा।
समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे
नए केंद्र शुरू होने के बाद किसानों को स्थानीय स्तर पर ही धान की तुलाई और बिक्री की सुविधा मिल सकेगी। इससे परिवहन दूरी कम होने के साथ ट्रैक्टर भाड़े और अन्य संबंधित खर्चों में भी कमी आने की उम्मीद है। खासकर छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह व्यवस्था आर्थिक रूप से लाभकारी साबित होगी।
बुंदिया और बड़सरा में धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताते हुए निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि गांव के नजदीक खरीदी केंद्र मिलने से धान बेचने की प्रक्रिया आसान होगी और समय एवं धन दोनों की बचत होगी।
