महादेवघाट में सुरक्षा को लेकर निगम सख्त, नाव विहार के दौरान लाइफ जैकेट अनिवार्य करने की समझाइश

रायपुर।

रायपुर नगर पालिक निगम जोन 8 की जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने महादेवघाट स्थित खारून नदी तट पहुंचकर मछुआरा संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में हाल ही में हुए जबलपुर हादसे को ध्यान में रखते हुए नाव विहार के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

जोन कमिश्नर ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नदी में नौका विहार कराने के दौरान यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस दौरान कार्यपालन अभियंता श्री अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता श्री अमन चंद्राकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री गोपीचंद्र देवांगन एवं स्वच्छता निरीक्षक श्री रितेश झा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मछुआरा संघ के लोगों को सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की।