सावन का अंतिम सोमवार: शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, मंदिरों में जलाभिषेक और भक्ति का उत्सव
आज 4 अगस्त को सावन का चौथा और अंतिम सोमवार है। इस अवसर पर प्रदेशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही शिवभक्त मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे।
रायपुर: हटकेश्वर नाथ का खाटू श्याम स्वरूप में श्रृंगार
रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का खाटू श्याम स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। यहां श्रद्धालु सुबह से ही जल चढ़ाकर दर्शन लाभ ले रहे हैं।
बिलासपुर: बूढ़ा महादेव में विधायक ने की पूजा, हुआ भव्य आयोजन
रतनपुर स्थित प्राचीन बूढ़ा महादेव मंदिर में सुबह से आस्था का माहौल बना हुआ है। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने यहां विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद भी वितरित किया। मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन का आयोजन किया गया। वहीं, सिद्ध तंत्र पीठ भैरव मंदिर में भी रुद्राभिषेक व पार्थिव शिवलिंग निर्माण जैसी धार्मिक गतिविधियां संपन्न हुईं।

रायगढ़: गौरी शंकर और निकलेश्वर महादेव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
रायगढ़ जिले में गौरी शंकर मंदिर और निकलेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जल चढ़ाने पहुंचे और शिव का आशीर्वाद लिया।
गरियाबंद: भूतेश्वर नाथ मंदिर में लेजर शो और विशाल भंडारे की तैयारी
गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वर नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्तों का तांता लगा है। यहां 80 फीट ऊंचे और 210 फीट गोलाई वाले प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति ने देर शाम आकर्षक लेजर शो और विशाल भंडारे का आयोजन किया है। मान्यता है कि यह शिवलिंग हर वर्ष स्वतः बढ़ता है और यह स्थल भक्तों की मनोकामना पूर्ण करता है।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: मंदिरों में भक्तों की भीड़, महिलाओं ने निकाली कांवड़ यात्रा
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर क्षेत्र में भी सावन के अंतिम सोमवार को भक्तों का तांता मंदिरों में लगा रहा। हनुमान चालीसा समिति की सैकड़ों महिलाओं ने कांवड़ यात्रा निकालकर भगवान शिव पर जल चढ़ाया। समिति की अध्यक्ष डॉक्टर रश्मि सोनकर ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को महिलाएं विशेष ड्रेस कोड में जल अर्पण करने निकलती हैं। इस सोमवार का ड्रेस कोड गुलाबी रखा गया, ताकि एकता का संदेश दिया जा सके।
शिव मंदिरों में आज दिनभर आस्था, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना
