रायपुर में अवैध हथियारों के साथ 3 युवक गिरफ्तार, दो चाकू और तलवार जब्त

आजाद चौक और टिकरापारा पुलिस की कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत तीनों के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियार लेकर घूमने और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। आजाद चौक और टिकरापारा थाना पुलिस ने अलग-अलग तीन मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और एक तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध चाकू लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कुलदीप निर्मलकर (24 वर्ष), निवासी छत्तीसगढ़ नगर, टिकरापारा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज किया है।

पेट्रोलिंग के दौरान टिकरापारा पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा

वहीं, टिकरापारा थाना पुलिस ने 22 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया।

पहले मामले में मोहम्मद कौनेन (19 वर्ष), निवासी मदनी चौक, संजय नगर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 1064/2026 दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में मोहम्मद अहमद (25 वर्ष), निवासी ख्वाजा गली, संजय नगर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक तलवार जब्त की गई। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 1065/2026 के तहत अपराध दर्ज किया है।

अवैध हथियार रखने वालों पर पुलिस की नजर

पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध हथियार रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर उनका प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।