शहीद अरुण केशव सप्रे की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी और परिजनों ने किया नमन
रायपुर। भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर एवं टेस्ट पायलट रहे रायपुर निवासी शहीद अरुण केशव सप्रे की पुण्यतिथि पर रायपुर नगर निगम मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित शहीद के परिजनों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर सादर नमन किया।
रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल स्थित सामान्य सभा सभागार में संस्कृति विभाग के तत्वावधान एवं नगर निगम जोन क्रमांक-4 के सहयोग से संक्षिप्त पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शहीद अरुण केशव सप्रे की धर्मपत्नी एवं मध्यप्रदेश राज्य समाज एवं महिला कल्याण बोर्ड की पूर्व संचालिका श्रीमती मीना ताई सप्रे तथा उनके सुपुत्र श्री मुनेश सप्रे ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देशसेवा में शहीद अरुण केशव सप्रे के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
