बिलासपुर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एसपी कार्यालय तैयार, 60 कमरों वाले भवन में मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर सकते हैं लोकार्पण, थानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे जुड़ेगा मुख्यालय

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय बनकर तैयार हो गया है। तीन मंजिला इस आधुनिक भवन में 60 कमरे बनाए गए हैं। यहां पुलिस अधिकारियों के लिए आधुनिक चैंबर, हाईटेक मीटिंग हॉल और डिजिटल सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। 25 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों इस भवन का लोकार्पण संभावित है। हालांकि, कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

थानों से सीधे होगा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद

नए एसपी कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां से जिले के सभी थानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संपर्क किया जा सकेगा। एसपी के चैंबर में आधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इससे थानेदारों और पुलिस अधिकारियों को हर विभागीय बैठक या समीक्षा के लिए मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। वे अपने थाने से ही बैठकों में शामिल होकर जरूरी दिशा-निर्देश प्राप्त कर सकेंगे।

सीसीटीएनएस-2 से जांच और अपराध के रिकॉर्ड होंगे डिजिटल

नए भवन में अत्याधुनिक सीसीटीएनएस लैब तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से थानों के रिकॉर्ड, अपराध से जुड़ी जानकारियां, केस डायरी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का डिजिटल प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही न्यायालय के साथ डिजिटल समन्वय की सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे पुलिस की जांच प्रक्रिया में तकनीकी सहयोग मिलेगा।

अलग-अलग शाखाओं के लिए बनाए गए कक्ष

भवन में एएसपी ग्रामीण मुख्यालय, आरआई कार्यालय, डीसीआरबी, डीसीबी, शिकायत शाखा और एसआरसी शाखा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आधुनिक मीटिंग हॉल में प्रोजेक्टर, प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कर्मचारियों को नई तकनीकी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

फरियादियों के लिए विजिटर रूम और परिसर में कैंटीन

नए एसपी कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों के बैठने के लिए अलग विजिटर रूम बनाया गया है। वहीं, परिसर में कैंटीन की सुविधा भी होगी, जिससे पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को चाय-नाश्ते एवं भोजन के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

एसएसपी ने किया निरीक्षण, लोकार्पण की तैयारियां शुरू

नए भवन के लोकार्पण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लोकार्पण की तैयारी के तहत पुराने एसपी कार्यालय के कुछ हिस्सों को हटाया जा रहा है और नए भवन तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 25 नवंबर को बिलासपुर प्रवास के दौरान भवन का लोकार्पण संभावित है।