रायपुर में ज्वैलर्स के कर्मचारी ने किया 2 करोड़ के सोने का गबन: CCTV में कैद हुई वारदात
Raipur के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों रुपए के सोने के गबन का मामला सामने आया है। शोरूम में पिछले 16 वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी ने ही करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के सोने के जेवर गायब कर दिए। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक कारोबारी सुरेश भंसाली ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी दुकान में काम करने वाला कर्मचारी सूरज साहू रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संभालता था। आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के दौरान उसने जेवरों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी।

13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान दुकान से करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना कम पाया गया। इसके बाद सभी कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जब दुकान में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई तो फुटेज में शाम करीब 4 बजकर 21 मिनट पर सूरज साहू जेवर अपने साथ ले जाते दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए सोने में कई तरह के डिजाइनर आभूषण शामिल हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
