जल जीवन मिशन 2.0: नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने छत्तीसगढ़ के सांसदों के साथ की समीक्षा बैठक
रायपुर (UPI24 News)।
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में जल जीवन मिशन (JJM) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने की। बैठक में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) मंत्री अरुण साव सहित राज्य के लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मौजूद रहे।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी संसदीय क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, जारी परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में ये दिग्गज जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप और भोजराज नाग शामिल हुए। इसके अलावा राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम भी बैठक में उपस्थित रहीं।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन 2.0 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुँचाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया:
-
नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता: पेयजल परियोजनाओं में पारदर्शिता और निर्माण गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए गए।
-
सांसदों की सक्रिय भूमिका: जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे जिला स्तरीय DISHA बैठकों में सक्रिय भाग लें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करने में सहयोग करें।
-
जल अर्पण कार्यक्रम: पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण और उन्हें ग्राम पंचायतों को सौंपने के लिए ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक भी मौजूद रहे।
