इमरान खान से अदियाला जेल में पत्नी और बहन ने की मुलाकात; सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अस्पताल होंगे शिफ्ट
इस्लामाबाद/रावल्पिंढी: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान से रावलपिंडी की अदियाला जेल में उनकी बहन नूरीन नियाजी और पत्नी बुशरा बीबी ने मुलाकात की है। लगभग 9 महीने के लंबे अंतराल के बाद हुई यह मुलाकात सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद संभव हो सकी है।
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश: अस्पताल में होंगे शिफ्ट
पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने इमरान खान के स्वास्थ्य और परिवार से मुलाकात संबंधी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए बड़ा फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने पूर्व पीएम को इलाज के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल (Shifa International Hospital) में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है। अदालत ने एक विशेषज्ञ मेडिकल बोर्ड के गठन का भी निर्देश दिया है जिसमें उनके निजी डॉक्टर भी शामिल होंगे।
15 मिनट चली बहन से बातचीत, बुशरा बीबी भी मिलीं
जेल सूत्रों के अनुसार, नूरीन नियाजी ने इमरान खान से लगभग 15 मिनट तक मुलाकात की, जहाँ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसलों और कानूनी मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा, जेल में बंद उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने भी खान से लगभग 30-35 मिनट की अलग मुलाकात की।
अदालत ने परिवार के साथ हर हफ्ते एक नियमित मुलाकात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि परिजनों से मिलना मूलभूत अधिकार है, कोई रियायत नहीं।
स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं
मेडिकल बोर्ड और जेल प्रशासन द्वारा अदालत में पेश की गई रिपोर्ट में बताया गया कि पूर्व पीएम का ब्लड प्रेशर और मानसिक तनाव नियंत्रित करने के लिए उन्हें परिवार से नियमित मिलने की आवश्यकता है। कोर्ट ने हिदायत दी है कि इस मेडिकल राहत या पारिवारिक मुलाकात का इस्तेमाल किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी या मीडिया कवरेज के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
