रायपुर : बीएससी कृषि (ऑनर्स) प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग 5 अगस्त से शुरू, 18 अगस्त को होगा सीट आवंटन

रायपुर, 4 अगस्त 2026।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवीन शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित इस प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगा।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों का फीस ट्रांजेक्शन असफल हो गया है, वे 16 अगस्त को पुनः ऑनलाइन शुल्क जमा कर सकेंगे। प्रथम चरण की काउंसलिंग के तहत 18 अगस्त को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का ऑनलाइन आवंटन किया जाएगा।

20 से 22 अगस्त तक होगा दस्तावेज सत्यापन

सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में किया जाएगा। आवंटित सीट सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त के बीच ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।

स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए भी मिलेगा मौका

यदि कोई अभ्यर्थी आवंटित सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है और अगले चरण की काउंसलिंग में शामिल होना चाहता है, तो उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं जिन अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में कोई सीट नहीं मिली है, वे भी 20 से 24 अगस्त (रात्रि 11:30 बजे तक) स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जो अभ्यर्थी सीट सुरक्षित करने के बाद प्रवेश निरस्त कर आगे की प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहते, वे भी 20 से 24 अगस्त के बीच ऑनलाइन सीट निरस्त कर सकते हैं।

25 अगस्त को जारी होगी रिक्त सीटों की जानकारी

विश्वविद्यालय 25 अगस्त को आबंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी जारी करेगा। इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।

स्पॉट काउंसलिंग के तहत 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के बीच प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा। इन दोनों दिनों अभ्यर्थियों को तत्काल दस्तावेज सत्यापन एवं ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा।

इसके बाद 2 सितंबर 2026 को कन्वर्शन काउंसलिंग के अंतर्गत सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन एवं ऑनलाइन फीस जमा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करें।