बालोद में जनजातीय गौरव दिवस पर वीरों, प्रतिभाओं और संस्कृति का सम्मान
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने जनजातीय गौरव दिवस समारोह में बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय वीरों ने स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव और जरूरतमंद परिवार तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिले में कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज पेयजल योजना का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके पूरा होने से अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बालोद जिले के नारागांव में सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल का भी उल्लेख किया। इससे स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलने के साथ पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, महतारी वंदन योजना महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने का काम कर रही है।
बस्तर में शांति के साथ लौट रही उत्सव और परंपराओं की रौनक
शर्मा ने बस्तर में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बेहतर हो रहा है। अब बस्तर के गांवों में दशहरा जैसे पारंपरिक आयोजनों में देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है। गांवों में मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं फिर से उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनजातीय अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर वहां के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
जनजातीय समाज को मिल रहे विकास और सम्मान के नए अवसर : भोजराज नाग
समारोह में सांसद भोजराज नाग ने जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना जैसी पहल से जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से समाज को विकास के नए अवसर मिल रहे हैं।
जनजातीय गौरव दिवस से स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को मिली पहचान
सांसद नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति के रूप में आसीन होना पूरे समुदाय के लिए गौरव का विषय है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन को भी जनजातीय समाज के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में जनजातीय समाज के उत्थान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बालोद जिले के 186 गांव धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल हैं। समारोह में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और देशसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।
विभागीय प्रदर्शनियों में योजनाओं और विकास कार्यों की दी गई जानकारी
समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों की ओर से आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। इनके माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि विभागों के आपसी समन्वय से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
वीर परिवारों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों और देश की सेवा करने वाले वीर सैनिकों के परिवारों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरण साहू, बालोद नगर पालिका के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, गुंडरदेही जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, डौंडी जनपद पंचायत अध्यक्ष मुकेश कौड़ो सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
