15 लाख का इनामी लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी, सरेंडर से किया इनकार

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया। CRPF पोस्ट पर फायरिंग कर तीन जवानों को घायल करने के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार को देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद के पास वह छिपा मिला। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए उसे ढेर कर दिया।

मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए लतीफ को आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी ने उसे जिंदगी का हवाला देते हुए सरेंडर करने को कहा, लेकिन लतीफ ने इनकार कर दिया। उसने कहा, ”मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। मैं बहुत खुश हूं, सरेंडर नहीं करूंगा।”

CRPF पोस्ट पर हमले के बाद से था फरार

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने अपने साथी उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दोनों को घेर लिया था। मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ पैर में गोली लगने के बावजूद भागने में सफल रहा।

लतीफ पर था 15 लाख रुपये का इनाम

22 वर्षीय लतीफ भट कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह वर्ष 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल के जरिए वह लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF में शामिल हुआ था।

छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले छह महीनों में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे जा चुके हैं। इनमें जाकिर अहमद गनई, यासिर, मूसा उर्फ आसिफ फौजी और लतीफ भट शामिल हैं। सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।