बस्तर ओलंपिक 2026 का आगाज, 1340 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

कोंडागांव जिले में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शुभारंभ मंगलवार को बड़े कनेरा रोड स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण मैदान में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के पांचों विकासखंडों से लगभग 1340 खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता की शुरुआत रस्साकशी के मुकाबलों से हुई। सीनियर महिला वर्ग में बड़ेराजपुर और कोंडागांव की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें बड़ेराजपुर की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। प्रतिभागियों ने खेल भावना और पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बस्तर ओलंपिक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

इस आयोजन से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही उन्हें जिला और संभाग स्तर से आगे बढ़कर राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

कोंडागांव जिले के पांचों विकासखंडों के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। जिला स्तर पर चयनित और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बस्तर ओलंपिक को लेकर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। शुभारंभ अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।