2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की होगी अहम भूमिका: राज्यपाल रमेन डेका, वंदे मातरम् युवा शिविर में विभिन्न राज्यों के युवाओं से किया संवाद
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यही युवा शक्ति वर्ष 2047 तक भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, मेहनत और नवाचार देश की प्रगति की दिशा तय करेंगे। उन्होंने युवाओं से जीवन में हर कार्य पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
राज्यपाल बुधवार को लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा हिस्सा ले रहे हैं।

युवा शिविर से बढ़ेगी राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता
राज्यपाल ने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
सफलता के लिए अनुशासन और निरंतर मेहनत जरूरी
युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट लक्ष्य को जीवन में आगे बढ़ने के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन भी आवश्यक है। समय की पाबंदी को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने युवाओं को टालमटोल से बचने और आज का काम आज ही पूरा करने की सलाह दी।
गांवों में रोजगार और विकास की अपार संभावनाएं
राज्यपाल ने युवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर वहां की जरूरतों को समझने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं विकास के नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांवों में भी विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। युवाओं को जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।
बस्तर में सुरक्षा के साथ तेजी से बढ़ रहा विकास
बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा होने पर ही शांति और विकास का वातावरण तैयार होता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है तथा क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पहले संचार सुविधाओं का अभाव था, वहां अब रेडियो, टेलीविजन और मोबाइल नेटवर्क की पहुंच बढ़ रही है। मोबाइल टावर स्थापित हो रहे हैं और बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।
प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सफल जीवन के लिए मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी तथा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, मेरा युवा भारत के अधिकारी, स्वयंसेवक और विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
