जनजातीय बच्चों तक विज्ञान पहुंचा रही विज्ञान भारती की पहल की मुख्यमंत्री ने की सराहना
जिन बच्चों के लिए अंतरिक्ष और उपग्रह अब तक केवल आसमान में दिखाई देने वाले चमकते बिंदु थे, अब वे उनके मॉडल को करीब से देखकर विज्ञान की दुनिया को समझ रहे हैं। विज्ञान को गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों तक पहुंचाने के लिए विज्ञान भारती द्वारा संचालित प्रयासों की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सराहना की।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाने और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा ही नई पीढ़ी को प्रगति के नए रास्तों तक ले जाती है। जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष अनुसंधान से परिचित कराना महत्वपूर्ण है। इससे उनमें नई जानकारियां हासिल करने, प्रयोग करने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली मुख्यालय वाली विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर पर स्वदेशी विज्ञान आंदोलन को आगे बढ़ा रही है। संस्था भारतीय वैज्ञानिक परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए कार्यरत है। इसमें देश के वरिष्ठ एवं युवा वैज्ञानिकों के साथ इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े विशेषज्ञों का सहयोग भी मिलता है।
कोला ने बताया कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए संस्था द्वारा ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ पहल चलाई जा रही है। इसके तहत विशेष रूप से तैयार वाहन में इसरो के विभिन्न उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ पहुंचने वाले वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों को उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से देते हैं।
इस पहल से उन बच्चों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए बड़े वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना संभव नहीं हो पाता। इस प्रकार विज्ञान भारती स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने और विज्ञान शिक्षा को जनसामान्य तक पहुंचाने की दिशा में प्रयासरत है।
कार्यक्रम में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक तथा एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
