बोड़ला में 60 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन,शिक्षा में AI तकनीक पर जोर

बोड़ला। कबीरधाम जिले के बोड़ला में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और उच्च शिक्षा के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 60 लाख रुपये के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें एसडीएम कार्यालय परिसर में 30 लाख रुपये की लागत से सभा कक्ष सह सामुदायिक शौचालय तथा शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में 40 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।
घोषित कार्यों के अंतर्गत महाविद्यालय में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, बालिका शौचालय के लिए 4.60 लाख रुपये, ग्राम भीरा में मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10.40 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इसके अलावा महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सुविधाएं विकसित करने की पहल की जाएगी।
विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, उसके गुलाम नहीं
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार का ज्ञान समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का इस्तेमाल अपनी जानकारी बढ़ाने, कौशल विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए खुद को तैयार करने में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, तकनीक उनकी स्वामी न बने।
उन्होंने बताया कि ChatGPT, Gemini, Grok और Perplexity जैसे AI टूल्स का उपयोग पढ़ाई, रचनात्मक कार्यों और ज्ञान अर्जित करने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, तकनीक के उपयोग के साथ अपने संस्कारों और नैतिक मूल्यों को बनाए रखना भी जरूरी है।
85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए 85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें से 50 स्थानों पर स्मार्ट बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्थानों पर भी इन्हें स्थापित किया जाएगा। छात्रावासों और महाविद्यालयों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विज्ञान, गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की जटिल अवधारणाओं को वीडियो और डिजिटल अध्ययन सामग्री की मदद से आसानी से समझाया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में नई तकनीक का लाभ मिलेगा और सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग पर जोर
विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत एनडीए, सीजीपीएससी, यूपीएससी, कर्मचारी चयन आयोग और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की योजना पर काम किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि और लक्ष्य के अनुरूप मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को सीखने, उनका विवेकपूर्ण उपयोग करने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने से सफलता की राह आसान होती है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, बरसाती लाल वर्मा, छोटूराम चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य ललिता रूपसिंग धुर्वे, कांशीराम उईके, सरपंच रेशमा बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

