दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को सुलभ बनाना जरूरी : रमेन डेका

राज्यपाल ने वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सदस्यों को किया सम्मानित, कहा- तकनीक के जरिए समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास अनुकरणीय

रायपुर। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए गुणवत्तापूर्ण और सहज अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। छत्तीसगढ़ में इस दिशा में अभी और व्यापक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। तकनीक के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तक पढ़ाई की सामग्री पहुंचाने का वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ का प्रयास सराहनीय है। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने कही।

लोक भवन में वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम छत्तीसगढ़ के सदस्यों ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान डेका ने टीम के सदस्यों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। टीम की उपलब्धि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने पर उन्होंने सदस्यों को बधाई भी दी।

11 हजार ऑडियो बुक्स तैयार करने का लक्ष्य

वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम दृष्टिबाधित और सामान्य विद्यार्थियों के लिए 11 हजार से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। इस अभियान की शुरुआत 5 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका के. शारदा के नेतृत्व में हुई थी।

शारदा अब तक 1,800 से अधिक ऑडियो बुक्स तैयार कर चुकी हैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के 30 शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने नियमित शैक्षणिक कार्यों के साथ ऑडियो बुक तैयार करने में योगदान दे रहे हैं।

समान अवसर से आत्मनिर्भरता की राह

राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का अधिकार और उसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ऑडियो के रूप में पाठ्यक्रम और उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारों को बड़े स्तर पर ले जाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें और शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी तरह की बाधा उनके विकास में आड़े न आए।

चैनल को 8 लाख से अधिक बार देखा गया

वर्ल्ड ऑडियो बुक चैनल पर 107 से अधिक प्लेलिस्ट उपलब्ध हैं। चैनल को अब तक 8 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। टीम की ओर से विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम आधारित और उपयोगी सामग्री को ऑडियो फॉर्मेट में तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की छत्तीसगढ़ हेड डॉ. सोनल राजेश शर्मा सहित वर्ल्ड ऑडियो बुक टीम के सदस्य मौजूद रहे।