सरकारी भर्तियों को लेकर मुख्य सचिव की अहम समीक्षा, रिक्त पदों की जल्द होगी पूर्ति
रायपुर। राज्य में शासकीय सेवाओं में रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर विभागवार भर्ती व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में प्रत्येक विभाग में स्वीकृत पदों, कार्यरत कर्मचारियों और रिक्त पदों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से रिक्तियों की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ इन पदों पर भर्ती के लिए अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
बैठक में छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) के माध्यम से आयोजित की जा रही विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विभागों द्वारा व्यापमं को भेजे गए मांग पत्रों (इंडेंट), भर्ती परीक्षाओं की स्थिति और नियुक्तियों से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली गई।
विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से प्राप्त सहमति, पूर्व में जारी किए गए भर्ती विज्ञापनों और उनके आधार पर अब तक हुई नियुक्तियों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा आगामी वर्ष 2027 में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों को लेकर विभागवार तैयारियों पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों में भर्ती नियमों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया। बैठक में यह देखा गया कि किन विभागों के भर्ती नियम वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप अपडेट हो चुके हैं और किन विभागों में नियमों में संशोधन की प्रक्रिया लंबित है।
अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया से जुड़े प्रस्तावों और आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में आगामी वर्षों में मानव संसाधन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भर्ती की बेहतर योजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
