रायगढ़ जिला अस्पताल की मर्चुरी का फ्रीजर खराब, शव हुआ डीकंपोज; परिजनों ने किया हंगामा, कार्रवाई का आश्वासन
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला अस्पताल में मर्चुरी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करंट लगने से जान गंवाने वाले 23 वर्षीय युवक का शव मर्चुरी के फ्रीजर में रखे जाने के बावजूद डीकंपोज होने लगा। सुबह पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति देखकर अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।
कार वॉशिंग सेंटर में काम करते समय लगा करंट
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी 23 वर्षीय रमेश चक्रधारी कार वॉशिंग सेंटर में काम कर रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पुलिस को सूचना देने के बाद पंचनामा की कार्रवाई की गई और शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया।

सुबह पोस्टमार्टम से पहले बिगड़ी शव की स्थिति
मृतक के परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे रमेश की मौत हुई थी। अस्पताल में उन्हें बताया गया था कि मर्चुरी का फ्रीजर चालू है और शव सुरक्षित रखा जाएगा। लेकिन शुक्रवार सुबह जब वे पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे तो शव से खून बहता दिखाई दिया और शरीर डीकंपोज होने लगा था।
इस स्थिति को देखकर परिजनों ने फ्रीजर खराब होने के बावजूद शव उसमें रखे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सिविल सर्जन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया। मृतक के भाई गणेश चक्रधारी ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि मर्चुरी के फ्रीजर में किसी कारणवश निर्धारित तापमान नियंत्रित नहीं हो पा रहा था। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रीजर खराब होने की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फ्रीजर की नियमित जांच के निर्देश
सिविल सर्जन ने आगे कहा कि मर्चुरी के फ्रीजर के तापमान की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही हर महीने इसकी जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा सामने न आए।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने हंगामा समाप्त किया।
