छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और पंचांग ‘बछर’ का मुख्यमंत्री ने किया विमोचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों प्रकाशनों से जुड़े साहित्यकारों, संपादकीय टीम और आयोग के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, लोकजीवन और परंपराओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। लोककथाओं, लोकगीतों, तीज-त्योहारों और सामाजिक रीति-रिवाजों में इस भाषा की आत्मीयता और समृद्धि स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। इस विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ छत्तीसगढ़ी साहित्य और रचनात्मक लेखन को नई दिशा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करेगी। वहीं, पंचांग ‘बछर’ के माध्यम से युवा पीढ़ी को पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं की जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि ये दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव और जुड़ाव को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव समाज की पहचान को मजबूत करता है और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़कर रखता है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, प्रबंध संपादक डॉ. अभिलाषा बेहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।