करमा महोत्सव में 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 694 कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा
बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और आस्था के संरक्षण के साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले को 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत वाले 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने करमा देव को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय, रकसगंडा बनेगा पर्यटन स्थल
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति देने के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन, रघुनाथनगर और बरतीकला ग्राम पंचायत में मंगल भवन तथा महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही।
कार्यक्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया, उनमें भगवानपुर-मेंढ़ारी और डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी।
किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिल रहा धान का मूल्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को लाभकारी बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। जिन किसानों का धान उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम है, उन्हें भी निर्धारित सीमा के अनुसार पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनके हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को प्रदेश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
वृद्धजन क्लिनिक शुरू, बुजुर्गों को एक ही स्थान पर मिलेंगी विशेष सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए ‘वृद्धजन क्लिनिक’ का उद्घाटन किया। ‘स्वस्थ वृद्ध, खुशहाल जीवन’ की अवधारणा पर आधारित इस केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
क्लिनिक में जेरियाट्रिक फिजियोथेरेपी, इन्फ्रारेड थेरेपी, मसाज चेयर और आयुष चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत शिरोधारा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। इससे बुजुर्गों को अलग-अलग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और एक ही परिसर में उनकी जरूरत के अनुरूप उपचार एवं देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 7,259 लोगों को मिला उपचार
कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं को उनके आसपास ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण की प्रशंसा की।
शिविर में उपचार कराने पहुंची महिलाओं ने भी अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने पर प्रसन्नता जताई और मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘बालभोग’ से कुपोषण पर प्रहार, ग्रामीण महिलाओं को भी मिल रहा अवसर
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और स्थानीय नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2012 में गठित बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्रों में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण की समस्या कम करने के लिए जिले में ‘बालभोग’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत ग्रामीण महिलाएं रागी, सत्तू और श्रीअन्न से पौष्टिक लड्डू तैयार करती हैं। पोषण सखियां घर-घर जाकर कुपोषित बच्चों को अपनी मौजूदगी में इनका सेवन कराती हैं और उनके पोषण स्तर में हो रहे बदलाव का नियमित रिकॉर्ड रखती हैं। इस नवाचार से बच्चों के पोषण में सुधार के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी और आजीविका को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रहा विकास का लाभ : चिंतामणी महाराज
सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम हो रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है और महिलाओं एवं युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अधोसंरचना और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र दुग्गा, सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, वाड्रफनगर जनपद पंचायत अध्यक्ष शशि सिंह पोर्ते सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
