रायपुर : पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई के नाम पर होगा गनियारी का शासकीय स्कूल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की घोषणा
रायपुर, 6 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की अप्रतिम धरोहर और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका, पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने डॉ. तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित उनके निवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे उनकी अंतिम यात्रा और दाह संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
इस दुखद अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि महान लोक कलाकार के सम्मान में उनके गृहग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नामकरण अब “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” के नाम से किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलाई छत्तीसगढ़ को पहचान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा:
“डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना, ओजस्वी वाणी और आजीवन समर्पण के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका निधन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान है।”
भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा जीवन
मंत्री श्री यादव ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का संपूर्ण जीवन लोक परंपराओं, संस्कृति और कला के संरक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उनका जीवन-संघर्ष और असाधारण उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बनी रहेंगी।
राज्य सरकार का स्कूल के नामकरण का यह निर्णय इस महान विभूति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिससे छात्र और युवा वर्ग उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व और देश-दुनिया में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले सांस्कृतिक योगदान से निरंतर प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगे।
