रायपुर : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने प्रदेशवासियों को दी हरेली की बधाई
रायपुर (UPI24 News)। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली को पारंपरिक और उत्सवी माहौल में मनाया। उन्होंने नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास में गौमाता तथा कृषि औजारों—नांगर, गैती, कुदारी आदि की विधिवत पूजा-अर्चना की। परंपरा अनुसार उन्होंने घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर आरोग्य और समृद्धि के प्रतीक नीम की डाली लगाई और ईश्वर से प्रदेश में अच्छी वर्षा, खुशहाली एवं लहलहाती फसलों की कामना की।
माटी, किसानी और लोक संस्कृति का पर्व
प्रदेशवासियों को हरेली की बधाई देते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, खेती-किसानी और समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़ा अत्यंत पावन पर्व है। उन्होंने कहा, “हरेली हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन की आत्मीयता को दर्शाती है। इसमें गेड़ी चढ़ने से लेकर कृषि औजारों की पूजा तक छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिलती है।”
परंपराओं का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी
श्री साव ने कहा कि यह त्योहार प्रकृति और अन्नदाता के प्रति हमारे मन में सम्मान व कृतज्ञता का भाव प्रकट करता है। हमारी लोक परंपराएं और तीज-त्योहार ही हमारी असली सांस्कृतिक पहचान हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन करना समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
