उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को दी श्रद्धांजलि
गृह ग्राम भेंड्रा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनप्रतिनिधियों ने पुष्प अर्पित कर किया नमन, शोकाकुल परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस
बालोद। दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देने बुधवार को उनके गृह ग्राम भेंड्रा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उनके साथ शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, सतनामी समाज की गुरु दीदी प्रियंका और पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अतिथियों ने डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन के योगदान को याद किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल प्रदान किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन समाज और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, लोगों के साथ आत्मीय संबंध और जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी। उनका सरल स्वभाव, स्नेहपूर्ण व्यवहार और समाज के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के हृदय में सदैव जीवित रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका दल्लीराजहरा अध्यक्ष तोरन लाल साहू, नगर पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष प्रमोद जैन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
