महतारी वंदन की 33वीं किस्त जारी, 67.40 लाख महिलाओं को मिले 632.63 करोड़ रुपये

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को दीपावली से पहले आर्थिक सौगात मिली है। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में योजना की 33वीं किस्त जारी की। इसके तहत 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए गए।

67.33 लाख महिलाओं को मिला योजना का लाभ

दीपावली से पहले किस्त जारी होने से महिला हितग्राहियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। योजना के तहत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को राशि प्रदान की गई। इसके अलावा नियद नेल्ला नार अभियान के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को भी 33वीं किस्त का लाभ मिला।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस राशि से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने के साथ घरेलू खर्च और परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं। योजना का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

अब तक 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 10 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना शुरू की थी। इसके माध्यम से प्रदेश की 67 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

योजना की 33वीं किस्त जारी होने के साथ अब तक कुल 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये की राशि महिला हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च कर पा रही हैं।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी से बाजारों को भी मिल रही गति

महतारी वंदन योजना का असर महिलाओं की घरेलू आर्थिक भागीदारी के साथ स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। आर्थिक रूप से सक्षम होने के कारण महिलाएं खरीदारी और घरेलू जरूरतों पर अधिक स्वतंत्रता से निर्णय ले पा रही हैं। करवाचौथ से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला दीपावली तक जारी है, जिससे बाजारों में भी रौनक बढ़ी है।

महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार के मुखिया पर घरेलू खर्च का बोझ भी कम हो रहा है। योजना की लाभार्थी महिलाएं इस आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जता रही हैं।

महतारी वंदन योजना का उद्देश्य केवल महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना भी है। शासन की सहायता जब जरूरतमंद तक पहुंचती है, तो वह महिला के लिए आत्मनिर्भरता, परिवार के लिए आर्थिक संबल और बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद बनती है।