जशपुर के गांवों तक पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा, आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे ग्रामीण
रायपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा इंडस टावर्स के सहयोग से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा एवं तकनीकी कौशल प्रशिक्षण की पहुंच बढ़ाना है। इस वैन के माध्यम से ग्रामीण बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित आम नागरिकों को आधुनिक डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण देकर उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता शिक्षा और तकनीकी जानकारी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों से जुड़ी हुई है। ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के लोगों तक डिजिटल सुविधाओं और आधुनिक तकनीक की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। ऐसी पहल विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास तथा उन्हें डिजिटल दुनिया से जोड़ने में सहायक होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का निरीक्षण कर उसमें उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में मौजूद डिजिटल संसाधनों का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास को ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
एक महीने तक गांवों में चलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन जशपुर विकासखंड के अलग-अलग गांवों में पहुंचकर 12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण देगी। इसके लिए एक माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी से संबंधित विषयों को शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल, इंटरनेट की बुनियादी समझ तथा ऑनलाइन तकनीक के सुरक्षित उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। साथ ही तकनीकी कौशल विकसित होने से डिजिटल जागरूकता बढ़ेगी और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल सुविधाओं की दूरी कम करने में सहायता मिलेगी।
मोबाइल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी वैन
यह वैन गांव-गांव पहुंचकर चलित डिजिटल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करेगी। इससे ग्रामीणों को कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक सीखने के लिए शहरों के प्रशिक्षण केंद्रों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण की सुविधा मिलने से बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपनी सुविधानुसार आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश तथा एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी उपस्थित थे।
