गौवंश की बेहतर देखभाल पर निगम का फोकस, आयुक्त ने फुंडहर और गोकुलनगर गौधाम का किया निरीक्षण
रायपुर। शहर में संचालित गौधामों में गौवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त संबित मिश्रा ने जोन-9 स्थित फुंडहर गौधाम और जोन-6 के गोकुलनगर गौधाम का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गौधामों में गौवंश के लिए उपलब्ध चारा, दाना, पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौधामों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि यहां रह रहे गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
चारा-पानी की व्यवस्था में नहीं हो लापरवाही
आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि गौधामों में गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा, दाना और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहना चाहिए। इन आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने के साथ किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने गौवंश की सुरक्षा और स्वस्थ वातावरण के लिए गौधाम परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। परिसर में स्वच्छता व्यवस्था नियमित रूप से बनाए रखने तथा गौवंश के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समय-समय पर होगी स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण
निरीक्षण के दौरान गौवंश के स्वास्थ्य को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय पशु चिकित्सा विभाग के पशु चिकित्सकों के मार्गदर्शन में गौवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
उन्होंने समय-समय पर आवश्यक टीकाकरण कराने के साथ बीमार या कमजोर पशुओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गौधामों में पशुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सभी गौधामों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित अन्य गौधामों की व्यवस्थाओं की भी नियमित समीक्षा और निगरानी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गौधामों में मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने संबंधित जोन अधिकारियों को गौधामों की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
आयुक्त संबित मिश्रा के निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा, जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, दिनेश सिन्हा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
