स्वच्छता पखवाड़े का समापन, सफाई कर्मियों और सफाई मित्रों का हुआ सम्मान

रायपुर। भा.कृ.अनु.प-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वच्छ परिसर और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम एवं सफाई अभियान चलाए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय, संयुक्त निदेशकों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
डॉ. एस. के. शर्मा ने पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। इन गतिविधियों में वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।
निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की बुनियादी जरूरत है। इसकी शुरुआत घर और कार्यस्थल से होनी चाहिए। उन्होंने संस्थान परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियां जारी रखने पर जोर दिया।
समापन अवसर पर संस्थान के सफाई कर्मियों और सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। निदेशक एवं संयुक्त निदेशकों ने उन्हें उपहार भी भेंट किए।
कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने सहभागिता की तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस. के. शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. के. सी. शर्मा ने किया।

