छत्तीसगढ़ में बारिश पर लगा ब्रेक, गर्मी-उमस से फिलहाल राहत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ बारिश का दौर लगभग थम गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी व उमस का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बीजापुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सूखा रहा। बीजापुर में हल्की बारिश दर्ज की गई। रायपुर में 3 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रायपुर में 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे दिन बारिश नहीं हुई।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 34.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात के तापमान में अपेक्षाकृत राहत बनी हुई है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके मुकाबले मैदानी क्षेत्रों में तापमान अधिक रहा।
मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए मौसम संबंधी परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। ऐसे में फिलहाल बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना कम है।

