672 करोड़ से अधिक के 24 सड़क-पुल प्रोजेक्ट मंजूर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद सड़क और पुल निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की लागत वाली 24 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निविदाओं को मंजूरी दी है। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

स्वीकृत कार्यों में 7 नई सड़कें, 2 पुल एवं पहुंच मार्ग, 3 सड़क उन्नयन तथा 12 चौड़ीकरण और मजबूतीकरण परियोजनाएं शामिल हैं। दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव, बिलासपुर, महासमुंद, बलरामपुर-रामानुजगंज, रायगढ़, कांकेर, बेमेतरा, सरगुजा और रायपुर सहित कई जिलों में ये काम होंगे।

बिलासपुर में अरपा और खारून नदी पर उच्च स्तरीय पुल बनाए जाएंगे। वहीं रायगढ़ में फोरलेन सड़क निर्माण के साथ विद्युतीकरण, डोंगरगढ़ में फोरलेन परिक्रमा पथ और कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण जैसे कार्य भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और पुल नेटवर्क से ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए जाएंगे।