13 अक्टूबर को रायपुर में होगा कार्टून फेस्टिवल

रायपुर। देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ अपने प्रकाशन के 31वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस अवसर पर 13 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में वार्षिक कार्टून फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। एक निजी होटल में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल का उद्घाटन मुख्यमंत्री सांकेतिक कार्टून बनाकर करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक हस्तियों के साथ वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पत्रिका की अब तक की यात्रा से जुड़े पुराने कार्टूनिस्ट और पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे। देश के विभिन्न राज्यों से कार्टूनिस्ट भी आयोजन में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी होंगे सम्मानित
इस वर्ष कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान कार्टून कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को दिया जाता है। इससे पहले बालासाहेब ठाकरे, आर.के. लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक और अजीत नैनन जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां इस सम्मान से नवाजी जा चुकी हैं।
आयोजकों के अनुसार, रायपुर में हर साल होने वाला यह आयोजन देश के कार्टूनिस्टों को एक साझा मंच उपलब्ध कराता है। फेस्टिवल के आयोजन में राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का सहयोग रहता है।
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन पर बनी कैरिकेचर बुक का विमोचन
इस बार फेस्टिवल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कैरिकेचर प्रतियोगिता पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि कार्टून वॉच अब तक मुख्य रूप से कार्टून प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है, लेकिन इस वर्ष पहली बार इस विषय पर अखिल भारतीय स्तर की कैरिकेचर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में देशभर के कार्टूनिस्टों ने प्रधानमंत्री के कैरिकेचर तैयार कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इन रचनाओं को संकलित कर पुस्तक का रूप दिया गया है, जिसका लोकार्पण कार्टून फेस्टिवल के दौरान किया जाएगा।
कार्टून कला और पत्रकारिता पर होगा संवाद
फेस्टिवल के दौरान कार्टून कला, पत्रकारिता में व्यंग्य की भूमिका और ‘कार्टून वॉच’ की तीन दशक से अधिक की यात्रा पर चर्चा होगी। वरिष्ठ कार्टूनिस्ट और पत्रकार अपने अनुभवों के जरिए कार्टून विधा के विकास और सामाजिक जीवन में इसके महत्व को रेखांकित करेंगे।
यह आयोजन विभिन्न राज्यों के कार्टूनिस्टों और पत्रकारों के बीच विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, कार्टून कला को प्रोत्साहित करने और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

