उत्तर छत्तीसगढ़ में एक जनवरी से कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि, अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों में न्यूनतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
बारिश और तापमान का हाल
रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा 20 मिलीमीटर मनेंद्रगढ़ कोटाडोल में दर्ज की गई। वहीं, दुर्ग में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और बलरामपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर शहर में सोमवार को आकाश साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हवा और नमी की स्थिति
दो जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम हो गया है, जिससे हवा की दिशा में परिवर्तन हो रहा है। उत्तर-पूर्वी हवाओं का असर एक बार फिर बढ़ने की संभावना है। हवा में नमी की मात्रा में भी कमी आएगी। फिलहाल हवा में 91 प्रतिशत तक नमी दर्ज की गई है।
रविवार को इन जगहों पर हुई बारिश
कोटाडोल, पौड़ी उपरोरा, जनकपुर भरतपुर, प्रतापपुर, कोटा, शंकरगढ़ में 20 मिमी और मरवाही, बिहारपुर, जांजगीर, बलरामपुर, प्रेमनगर, सामरी, रामचंद्रपुर, सकोला, वाड्रफनगर, बिल्हा, रामानुजनगर, लवन, चांदो, भैयाथान, दरी, कटघोरा, बेलगहना, चलगली-डौराकोचली में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।