रायपुर: सीएम विष्णुदेव साय ने सत्य साई ग्राम के सेवा मॉडल को बताया जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण
रायपुर, 24 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक स्थित सत्य साई ग्राम (मुद्देनहल्ली) का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ‘वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन’ के संस्थापक सद्गुरु श्री मधुसूदन साई से भेंट की और छत्तीसगढ़ में जनसेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण सेवाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ की नींव केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है। राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (Pediatric Cardiac Surgery) के जरिए हजारों बच्चों को नया जीवन देने की पहल की सराहना की। इसके साथ ही अस्पताल के विस्तार और मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल (Mother and Child Hospital) की स्थापना की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
मूल्य आधारित शिक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि
सीएम साय मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस सम्मेलन में 25 देशों से आए 100 से अधिक शिक्षाविदों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, करुणा, नैतिकता और सामाजिक दायित्व का आधार होनी चाहिए।
साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का अवलोकन
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित साईश्योर (SaiSure) न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का जायजा लिया। देशभर में लगभग 1 करोड़ बच्चों को दिए जा रहे मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स की सराहना करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने के लिए इस प्रकार के नवाचार अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
